
जिला अस्पताल में स्ट्रेचर पर घायल बुजुर्ग
बदायूँ। जिले की सीमा से सटे कासगंज के गांव टिकुरी नगला निवासी बाबूराम (60) वर्ष को मेड़ के विवाद में शुक्रवार को युवक ने गोली मार दी। कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस ने घायल को चार किलोमीटर दूर कादरचौक सीएचसी पर भेज दिया। सीएचसी से उसको गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने मामला कासगंज का होने का हवाला देकर भर्ती करने और मेडिकल करने से मना कर दिया। दो घंटे तक मरीज स्ट्रेचर पर ही तड़पता रहा। बाद में परिवार के लोग घायल को कासगंज जिला अस्पताल लेकर चले गए।
यह है मामला
घायल के बेटे राजू ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसके पिता बाबूराम खेत पर गए थे। उसी दौरान पड़ोस के खेत का मालिक रामनिवासी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। उसने मेड़ काटने का आरोप लगाया। बाबूराम ने कहा कि अगर मेड़ कटी होगी तो हम उसको दोबारा बांध देंगे। इसी बात पर रामनिवासी ने तमंचे से उसको गोली मार दी। गोली कंधे में लगी, जिससे बाबूराम जमीन पर गिर गए। इसी बीच रामनिवासी के साथी किताब सिंह ने दूसरी गोली चला दी, जो उनके बराबर से होकर निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ पड़े। भीड़ को देख आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य पुलिस को दी गई।

























