होम राज्य उत्तर प्रदेश स्कूल के बैग में छिप कर बैठ गया जहरीला सांप ,11 बीं...

स्कूल के बैग में छिप कर बैठ गया जहरीला सांप ,11 बीं के छात्र को डसा, अस्पताल ले जाते हुई मौत

जौनपुर। सरायख्‍वाजा के हड़‍ही गांव में बैग में छिपे जहरीले सांप के काटने से 11वीं के छात्र के मौत की घटना सामने आई है। पूरा मामला जौनपुर के मल्हनी में सरायख्वाजा क्षेत्र का है जहां शुक्रवार सुबह स्कूल बैग में घुसे सांप ने डस लिया। वहीं इलाज के लिए अस्‍पताल पहुंचे के पूर्व ही उसकी मौत हो गई।

सांप के डसने की जानकारी होने के बाद परिजनों के पैरों तले मानो जमीन खिसक गई। आनन फानन बच्‍चे को लेकर अस्‍पताल की ओर भागे लेकिन जहरीले सांप के जहर का असर ऐसा था कि बच्‍चे को बचाया नहीं जा सका। बच्‍चे के मौत की जानकारी होने के बाद स्‍कूल में शोक अवकाश घोषित करने की सूचना जारी की गई है।

सरायख्‍वाजा में हड़ही गांव निवासी सहकारी इंटर कालेज मिहरावां में कक्षा 11 के छात्र आकाश कुमार (18) पुत्र गुड्डू बिंद अपने छोटे भाई को स्कूल भेजने के लिए घर में खूंटी पर टंगे बैग को उतार रहा था। खूंटी पर टंगे बस्ते को उतारते समय उसके हाथ से छूटकर गिर गया।

बैग गिरते ही उसमें छिपकर बैठे सर्प ने खुद पर हमला मानते हुए आकाश कुमार के पैर में डस लिया। जहरीले सांप के दंश से हालत खराब होने लगी तो परिवार के लोग जानकारी होने पर तत्काल उपचार के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। छात्र की मौत होने की जानकारी मिलने के बाद गांव और स्‍कूल में मातम पसर गया।

मौत खींच लाई थी बस्‍ते तक : बच्‍चे की मौत उसे बस्‍ते तक खींच लाई थी। दरअसल वह बैग छोटे भाई का था जिसे वह स्‍कूल भेजने के लिए टंगे हुए खूंटी से उतारकर छोटे भाई को सौंपने जा रहा था। उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि उस बैग में ज्ञान ही नहीं बल्कि काल भी छिपा हो सकता है। संभवत: कुछ असहज होने पर खूंटी पर बैग हाथ से छूटकर जमीन पर गिरा और गिरते ही पैर में सांप ने अपने जहरीले दंश को उतार दिया। सांप के काटते ही आकाश ने सांप काटने की जानकारी चीखते हुए परिजनों को दी तो आनन फानन सभी अस्‍पताल की ओर भागे लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here