- एनएच 24 बाईपास ओवरब्रिज के नीचे जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी
सीतापुर। महोली-हरगांव स्टेट हाईवे पर हुए जलभराव में सपाइयों ने धान की रोपाई की। ऐसा कर प्रदेश सरकार के गड्ढामुक्त सड़कों के दावे को हवा हवाई बताया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
एनएच 24 चौड़ीकरण को लेकर महोली में बाईपास बनाया गया है। महोली-हरगांव स्टेट हाईवे पर एनएच ओवर ब्रिज के नीचे जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने और बड़े-बड़े गड्ढे होने के चलते जलभराव बना हुआ है। लोगों को होने वाली समस्याओं के बावजूद जिम्मेदार इसका संज्ञान नहीं ले रहे हैं। जलभराव की समस्या को लेकर अरुण दीक्षित मोनू की अगुवाई में सपाइयों ने जलभराव में धान की रोपाई की। अरुण दीक्षित मोनू ने कहा कि इस जलभराव से लोगों को समस्याओं से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा आए दिन लोग इस जलभराव में गिरकर चोटिल हो जाते हैं इसके बावजूद सरकार व जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस दौरान गौरव अग्निहोत्री, नितिन कमार, राजन दीक्षित, आदेश शुक्ल, गुलफाम राजा, अंकित यादव, योगेश यादव, जतिन, दीपक वर्मा, जनार्दन, रामसागर आदि उपस्थित रहे।


























