लखनऊ। यूपी में कोरोना की तीसरी संभावित लहर के खतरे को देखते हुए योगी सरकार लगातार सख्त एक्शन ले रही है. अब देश के 11 राज्यों से यूपी पहुंचने वाले लोगों के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं. सभी यात्रियों को इन नियमों का पालन करना जरूरी होगा. जो भी यात्री देश के सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी वाले राज्यों से यूपी पहुंचेगा, उसे कोरोना के RTPCR टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी जरूरी होगी.
इसके साथ ही वैक्सीन सर्टिफिकेट भी दिखाना होगा. बिना वैक्सीन लगवाए यूपी में यात्रियों को एंट्री नहीं मिलेगी. 11 राज्यों से यूपी पहुंचने वाले यात्रियों को चार दिन पुरानी कोरोना रिपोर्ट दिखानी होगी. चार दिन से पुरानी कोरोना रिपोर्ट नहीं मानी जाएगी.
24 जुलाई से इन नियमों के साथ यूपी में एंट्री
मेडिकल एंड हेल्थ एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि 24 जुलाई ने नए नियम लागू किए जाएंगे. जो भी व्यक्ति बाहरी राज्यों से आएगा उसके लिए एयरपोर्ट और बस और रेलवे स्टेशनों के बाहर सख्ती की जाएगी. देश के 11 राज्य इन दिनों ऐसे हैं, जिनमें पॉजिटिविटी रेट तीन प्रतिशत से ज्यादा है.इन राज्यों में केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, गोवा, मणिपुर, मेघायलय, नगालैंड और अरुणाचल शामिल हैं.
कोरोना संक्रमण पर सख्त यूपी सरकार
इन जिलों में संक्रमण को देखते हुए यूपी में सख्ती बरती जा रही है. इन सभी जिलों से यूपी आने वालों को नई कड़े नियम मानने होंगे. यूपी की करीब 80 हजार निगरानी समितियां अलर्ट मोड पर हैं. ये बाहर से आने वाले यात्रियों पर नजर रख रही हैं. सरकार नहीं चाहती कि एक बार फिर से राज्य में संक्रमण बढ़े.


























