मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना का कहर एक ओर बडी दुखद खबर लेकर आया है। आज सुबह केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के भाई तथा हाल ही में ग्राम कुटबी में ग्राम प्रधान बनें जितेन्द्र बालियान का कोरोना से निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री के तहरे भाई ( ताऊ के बेटे ) मृतक जितेंद्र बालियान पिछले कई दिनों से एम्स में भर्ती थे, जहां आज उनका निधन हो गया।
केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के भाई तथा हाल ही में ग्राम कुटबी में ग्राम प्रधान बनें जितेन्द्र बालियान का आज सुबह कोरोना से निधन हो गया। जितेंद्र बालियान पिछले कई दिनों से ऋषिकेश एम्स में भर्ती थे, जहां आज उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। ऋषिकेश एम्स में भर्ती संजीव बालियान के दूसरे तहेरे भाई राहुल कुटबी की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
भाजपा नेता डीके भारद्वाज ने जितेंद्र बालियान के निधन पर दुख जताया है।उन्होंने इसे अपनी निजी क्षति बताते हुए शोक प्रकट कर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, ‘दुःखद, श्री संजीव बालियान जी के ताऊ जी के पुत्र जितेंद्र बालियान जी पुत्र श्री राजेंद्र बालियान जी का करोना के चलते ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान निधन हुआ। अभी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अपने गांव कुटबा से प्रधान निर्वाचित हुए थे। विनम्र श्रद्धांजलि।’
पिछले दिनों संजीव बालियान खुद अपने परिजनों का हालचाल जानने ऋषिकेश गए थे। जितेंद्र बालियान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी कोरोना संक्रमण के शिकार हुए थे, लेकिन अब उनकी हालत सही बताई जा रही है।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि जितेन्द्र बालियान का अंतिम संस्कार कोविड गाईडलाईन के साथ गांव कुटबी में ही किया जाएगा। जितेन्द्र बालियान के निधन से कुटबा-कुटबी के साथ ही पूरे क्षेत्र व जनपद में शोक की लहर व्याप्त है। उनके अंतिम संस्कार में भारी भीड जुटने की संभावना जताई जा रही है। आपको बता दें कि मृतक जितेंद्र बालियान पंचायत चुनाव में गांव कुटबी के प्रधान बने थे। केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का परिवार पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमित हुआ था।
पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से देशभर में 4,329 मरीजों की मौत हुई है। यह अबतक एक दिन में कोरोना के चलते हुई मौतों का सर्वाधिक आंकड़ा है। इससे पहले, भारत में 12 मई को कोरोना से 4,205 लोगों की जान गई थी। हालांकि नए केसेज में लगातार गिरावट देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, 2,63,533 नए मामले सामने आए जो पिछले 26 दिनों में सबसे कम हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब नए केस 3 लाख से कम रहे हैं।


























