लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की अधिसूचना जल्द ही जारी की जा सकती है. इसके ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रशासन में कई तरह के बदलाव किए हैं.बता दें कि मंगलवार को प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 125 पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, जिला गोरखपुर, अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, बरेली, देवरिया, फतेहगढ़, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गोंडा और हरदोई समेत कई जनपद के पुलिस उपाधीक्षकों की तैनाती में फेरबदल किया गया है.
उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग होली से पहले पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी करने की तैयारी में है. आयोग 30 अप्रैल तक मतदान की प्रक्रिया पूरी करवा कर तीन-चार मई तक मतगणना करा सकता है. पंचायत चुनाव सूबे में चार चरणों में संपन्न होगा. इसमें करीब 40 दिन का वक्त लगेगा. माना जा रहा है कि अधिसूचना जारी होने तक अभी कई और प्रशासनिक फेरबदल हो सकते हैं.
गौरतलब है कि जहां मंगलवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 125 पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले कर दिए गए हैं. वहीं मंगलवार को भी डीजीपी मुख्यालय ने हाल ही में इंस्पेक्टर से प्रोन्नत किए गए 75 पुलिस उपाधीक्षकों में से 56 को नई तैनाती दे दी है.
डीजीपी के जीएसओ रवि जोसेफ लोक्कू ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. इनमें अधिकांश को जिलों में भेजा गया है, जबकि कई ऐसे पुलिस उपाधीक्षक हैं जिन्हें पीएसी, सीबीसीआईडी, विजिलेंस में तैनात किया गया है और 19 पुलिस उपाधीक्षकों को तैनाती का इंतजार है.


























