सम्भल के नखासा थानाक्षेत्र भारतल सिरसी और लखौरी गांव के बीच हुआ हादसा, पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लिया, तीसरे शव की पहचान नहीं हो पाई, घटना कैसे हुई यह भी सामने नहीं आ पाया
स्वदेश केसरी व्यूरो, सम्भल : कोहरा के कारण एक पखवारा पहले बस और गैस कैप्सूल की भिड़ंत में नौ लोगों की मौत को लोग भूल नहीं पाए थे कि सम्भल हसनपुर के लिंक रोड भारतल सिरसी- लखौरी पर गुरुवार की सुबह पांच बजे के करीब एक और दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें तीन बाइक पर अलग अलग सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई।
तीनों युवकों में से दो समाचार पत्र वितरक थे जो अपने अखबार का बंडर उठाने के लिए सम्भल हसनपुर मुख्य मार्ग पर आ रहे थे। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर नखासा धर्मपाल सिंह ने बताया कि यह संभावना है कि तीनों बाइक एक के बाद एक किसी खड़े वाहन से टकराए हैं। वाहन गन्ना लदी ट्राली भी हो सकता है या कोई और वाहन। इसकी जांच की जा रही है।
नखासा थानाक्षेत्र के लखौरी गांव निवासी शौकीन (30) तथा इसी गांव के शमशाद (20) दो बाइकों पर सवार होकर अखबार का बंडर लेने पहुंचे। इनके साथ इसी गांव का एक अन्य युवक भी अपनी बाइक से निकला। अभी तीनों युवकों की बाइक गांव से कुछ आगे ही पहुंची थी अचानक से किसी वाहन से टकराने बाइक क्षतिग्रस्त हो गई तथा तीनों सड़क पर गिर पड़े। जब उधर से राहगीर गुजरे तो इसकी जानकारी नखासा पुलिस काे दिया। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तीनों की मौत हो चुकी थी। तीनों के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आसपास उस वाहन की भी तलाश की गई जिससे इनकी टक्कर हुई थी, लेकिन वह नहीं मिला। घटना के बाद गांव में खलबली मच गई। स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।






























