
बदायूं: ‘टेंट, कैटर्स एवं डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ उ.प्र. (रजि.)’ के तत्वावधान में कानपुर में आयोजित होने वाले ‘चतुर्थ महाधिवेशन’ को लेकर बदायूं के व्यापारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। 30 अगस्त से 1 सितंबर 2026 (रविवार, सोमवार, मंगलवार) तक चलने वाले इस त्रिदिवसीय महाधिवेशन में शामिल होने के लिए बदायूं से टेंट, कैटरिंग और डेकोरेशन व्यवसाय से जुड़े लगभग 100 व्यापारियों का दल शनिवार को पथिक चौक पर एकत्रित होकर एक साथ काफिले के साथ रवाना होगा।
प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला संरक्षक राजीव भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महाधिवेशन कानपुर के किदवई नगर स्थित ‘संस्कार लॉन, डॉ. चिरंजी लाल, राष्ट्रीय इण्टर कॉलेज’ में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बदायूं से टेंट, कैटर्स व डेकोरेटर्स व्यापारी एसी बसों और निजी कारों सहित लगभग एक दर्जन वाहनों के काफिले के साथ रवाना होंगे।
उन्होंने बताया कि इस महाधिवेशन में पूरे उत्तर प्रदेश से 5000 से अधिक व्यापारियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए राजीव भारद्वाज अपनी टीम के साथ जिलेभर के टेंट व्यवसायियों से मिलकर निमंत्रण पत्र दे रहे हैं। उन्होंने बदायूं जिले के सभी टेंट, कैटर्स और डेकोरेटर कारोबारियों से एकजुट होकर अधिक से अधिक संख्या में कानपुर महाधिवेशन में पहुंचने की अपील की है।

























