होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी में इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में लाखों की चोरी, दीवार काटकर घुसे...

बिल्सी में इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में लाखों की चोरी, दीवार काटकर घुसे चोर, पांच लिथियम बैट्री, इनवर्टर-बैटरी, लैपटॉप और सीसीटीवी का डीवीआर ले गए बदमाश, जांच में जुटी पुलिस,

बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे स्थित बिल्सी इंडेन गैस एजेंसी गोदाम के निकट एक इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में बीती रात अज्ञात चोरों ने पीछे की दीवार काटकर नकब लगा दिया और शोरूम से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सुबह शोरूम स्वामी के पहुंचने पर हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम नगला तरऊ निवासी अशोक सिंह सिसोदिया का बदायूं-बिजनौर हाईवे पर इलेक्ट्रिक स्कूटी का शोरूम है। बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने शोरूम में रखा सामान खंगाल डाला।

चोर शोरूम से इनवर्टर-बैटरी के अलावा इलेक्ट्रिक स्कूटी की पांच लिथियम बैटरियां चोरी कर ले गए। इसके साथ ही शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीबीआर और लैपटॉप भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

सुबह शोरूम पहुंचे तो बिखरा पड़ा था सामान

शोरूम स्वामी अशोक सिंह सिसोदिया जब सुबह दुकान पर पहुंचे तो पीछे की दीवार कटी देखकर उनके होश उड़ गए। शोरूम के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई महत्वपूर्ण सामान गायब था। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

घटना के बाद व्यापारियों में भी रोष है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here