मुख्यमंत्री के लाइव कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी, कोटेदारों के अतिरिक्त लाभांश की घोषणा पर जताया आभार



बिल्सी। तहसील सभागार में सोमवार को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के लाइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के समर्पण और सेवा भाव को सम्मान देते हुए मुख्यमंत्री द्वारा घोषित अतिरिक्त लाभांश के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले उचित दर विक्रेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राशन वितरण व्यवस्था के माध्यम से गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने में उनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विक्रेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद वर्ग के विकास के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचे और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेताओं को अतिरिक्त लाभांश दिए जाने का निर्णय उनके कार्य और जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी उचित दर विक्रेताओं से शासन की मंशा के अनुरूप राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी बिल्सी राजेश कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर, पूर्ति निरीक्षक धीरज गुप्ता, खंड विकास अधिकारी अंबियापुर शैली गोविल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं बिल्सी तहसील क्षेत्र से आए उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।






















