


शहर संवादाता अमित दीक्षित की रिपोर्ट,
बदायूं, 3 अगस्त। शहर के मोहल्ला टिकटगंज स्थित राजाराम स्कूल के निकट सोमवार को बैंक की ओर से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंधक मकान को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट, बैंक अधिकारियों, भारी पुलिस बल और महिला पुलिस की तैनाती रही, जिससे पूरे इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि यह मकान शहर के कपड़ा व्यापारी प्रेम प्रकाश वैश्य का है, जिनकी दुकान सब्जी मंडी के पास स्थित है। जानकारी के अनुसार व्यापारी ने कई वर्ष पहले बैंक से करीब 50 लाख रुपये का ऋण लेने के लिए अपना मकान बंधक रखा था। समय-समय पर बैंक द्वारा ऋण अदायगी के लिए कई नोटिस जारी किए गए, लेकिन बकाया राशि जमा नहीं होने पर बैंक ने 31 जुलाई तक का अंतिम अवसर दिया था।
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे बैंक अधिकारियों ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल के साथ कार्रवाई शुरू की। उस समय व्यापारी अपनी दुकान पर मौजूद बताए गए। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
कार्रवाई के दौरान बैंक अधिकारियों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे सामान को सुरक्षित एक स्थान पर रखवाया गया और सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मकान को बैंक के कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई है। ऋण की वसूली के लिए उधारकर्ता को कई अवसर दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय तक भुगतान नहीं होने के कारण बैंक को संपत्ति पर कब्जा लेने की कार्रवाई करनी पड़ी।
हालांकि, इस मामले में संबंधित व्यापारी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


























