








बदायूं/बिल्सी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को जनपद बदायूं और बिल्सी में तहसील एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में योजना का शुभारंभ करते हुए शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए तथा डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलने वाली धनराशि की जानकारी दी गई।
बदायूं स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, MLC प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक,जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंघला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार तथा जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सजीव संबोधन को सुना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में संविलियन विद्यालय आरिफपुर नवादा में आयोजित तहसील स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक बदायूं एवं संभल के अध्यक्ष जितेंद्र सक्सेना ने किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइया माताओं तथा उनके परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है। उन्होंने बताया कि डीबीटी योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रत्येक छात्र-छात्रा के खाते में ₹1200 की धनराशि भेजी जा रही है, जिससे यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदी जा सकेगी।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों एवं शैक्षिक संवर्ग के कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार ने कहा कि यह योजना शिक्षकों को स्वास्थ्य उपचार के आर्थिक बोझ से राहत देगी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी उझानी प्रशांत राठौर और कादरचौक के दिलीप कुमार कनौजिया ने डीबीटी योजना को बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश प्रचार मंत्री तथा जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि दोनों योजनाएं शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने वाली साबित होंगी। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
उधर बिल्सी तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक हरीश शाक्य ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत शिक्षकों एवं उनके परिवारों को ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, जबकि डीबीटी योजना के माध्यम से प्रत्येक छात्र-छात्रा के खाते में प्रतिवर्ष ₹1200 की धनराशि भेजी जाएगी, जिससे वे यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य शैक्षिक सामग्री खरीद सकेंगे।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार बदन सिंह, पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























