बिल्सी (बदायूं)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 10 जुलाई के प्रस्तावित बदायूं दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह हेलीकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से स्टाफ कार द्वारा बिल्सी पहुंचेंगे। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 9:30 बजे लखनऊ से रवाना होकर दोपहर 1:25 बजे बिल्सी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे खैरी मार्ग स्थित नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन का लोकार्पण करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:55 बजे बदायूं रोड स्थित बिल्सी विधायक हरीश शाक्य के कैंप कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
दोपहर 3:35 बजे उपमुख्यमंत्री निरीक्षण भवन पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके उपरांत चयनित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी प्रस्तावित है। शाम 4:50 बजे वह समरेर विकास खंड परिसर में नवनिर्मित ऑडिटोरियम का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम 5:45 बजे वह सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
उधर, उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ब्लॉक अंबियापुर में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार सुबह से ही ब्लॉक परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाईकर्मियों ने परिसर से घास-फूस हटाई, कूड़ा साफ किया तथा अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया। अभियान के दौरान एडीओ पंचायत अशोक कुमार सिंह व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे।
हालांकि, वीआईपी दौरे से पहले अचानक तेज हुई साफ-सफाई को लेकर ग्रामीणों ने सवाल भी उठाए। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में कई गांवों में जलभराव और गंदगी की समस्या बनी रहती है, लेकिन नियमित सफाई पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने मांग की कि जैसी सक्रियता वीआईपी दौरे के दौरान दिखाई जा रही है, वैसी ही व्यवस्था आम दिनों में भी बनी रहनी चाहिए।
प्रशासन का कहना है कि उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।


























