



बदायूं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से रविवार को बदायूं में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संतोष मोहन गुप्ता के कार्यालय पर संपन्न हुई, जिसमें जिला एवं नगर स्तर की नई टीम का विस्तार करते हुए पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से कई अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पंकज शर्मा (नामित सदस्य, नगर पालिका परिषद बदायूं) को जिला महामंत्री बनाया गया, जबकि विनोद साहू को जिला उपाध्यक्ष, संजीव गुप्ता को जिला विधि संयोजक और हिमांशु शुक्ला को जिला मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
इसके साथ ही युवा वर्ग को संगठन से जोड़ने के लिए संतोष मोहन गुप्ता को जिला युवामोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं नगर स्तर पर गोविंद शर्मा को बदायूं नगर अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ‘बिट्टन’ ने की। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार व्यापारियों की एकजुटता को और मजबूत करेगा तथा उनके हितों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री विकास माहेश्वरी, जिला महामंत्री दीपेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश मंत्री संजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष निखिल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र उपाध्याय, रजत शर्मा, नितेश, रंजीत, आर.के. उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।


























