बिल्सी।नगर पालिका परिषद बिल्सी में डाली जा रही पानी की पाइपलाइन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सभासदों ने आरोप लगाया है कि पाइपलाइन का कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत किया गया, जबकि बिना कार्य पूर्ण हुए ही भुगतान भी निकाल लिया गया।
इसी मामले को लेकर सभासदगण बिल्सी तहसील पहुंचे और उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
सभासदों का कहना है कि नगर के विभिन्न वार्डों में डाली जा रही पानी की पाइपलाइन गुणवत्ता के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद में निकाली गई निविदा के विपरीत कार्य कराकर अधिकारियों और बाबुओं की सांठगांठ से भुगतान निकाल लिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार मौखिक शिकायत, प्रार्थना पत्र और जनसुनवाई के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि जब इस बारे में संबंधित ठेकेदार से बात की गई तो उसने राजनीतिक दबाव का हवाला देते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि किसी उच्चाधिकारी द्वारा पूरे कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लग सके और नगरवासियों को गुणवत्तापूर्ण पानी की सुविधा मिल सके।सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


























