बदायूं। बदायूं में भारत विकास परिषद की गौरी शंकर शाखा की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर के मीटिंग हॉल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने की, जबकि प्रांतीय संरक्षक के बी अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजन सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्प अर्पण एवं वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रांतीय अध्यक्ष ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनका परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर सुधीर गुप्ता ने कहा कि शाखा को सशक्त बनाने के लिए सघन सदस्यता अभियान चलाया जाए, जिससे संगठन का विस्तार हो और जनसेवा के कार्यों को नई दिशा मिल सके। उन्होंने जनपद में नई शाखाएं खोलने एवं समाजहित में प्रभावी कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।
प्रांतीय संरक्षक के.बी. अग्रवाल ने भी शाखा के सुचारु संचालन एवं संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में प्रांतीय संगठन सचिव वीरेश वार्ष्णेय, प्रांतीय संयोजिका सेवा प्रमिला गुप्ता, शाखा अध्यक्ष आर.के. उपाध्याय, शाखा सचिव सौरभ रस्तोगी, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, संगठन सचिव मनीष सिंघल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, उपाध्यक्ष हरिकृष्ण वर्मा एवं राजेंद्र गुप्ता, महिला संयोजिका अंजू सक्सेना सहित अशोक गौड़, संजय उपाध्याय, राजेंद्र गुलाटी, देवेंद्र गुप्ता और शाखा संरक्षक रामौतार मिश्रा समेत अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।अंत में जलपान के उपरांत राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


























