
बदायूं। संघ लोक सेवा आयोग में चयनित बदायूं के प्रतिभाशाली छात्र आयुष पाठक के परिवार से आज अखिल भारतीय सनातन बोर्ड के पदाधिकारियों ने भेंट कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर बोर्ड के पदाधिकारियों ने आयुष की सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
आयुष के पिता प्रमोद पाठक ने बताया कि उनके पुत्र ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने घर की छत पर पढ़ाई के लिए अलग से एक कमरा बना रखा था, जहां वह दिन-रात अध्ययन में जुटे रहते थे। पिता ने बताया कि आयुष केवल भोजन के समय ही नीचे आते थे और उसके बाद फिर अपने अध्ययन में लग जाते थे।
इस मौके पर जितेंद्र साहू, अध्यक्ष अखिल भारतीय सनातन बोर्ड, ने कहा कि आयुष की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जिले में हजारों की संख्या में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों के लिए यह उपलब्धि मनोबल बढ़ाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के पदाधिकारियों ने आयुष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें देश सेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. सुशील गुप्ता, अरविंद गुप्ता, चंद देव वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























