बिल्सी। बिल्सी-बिसौली मार्ग पर लंबे समय से चल रही अव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था और डग्गामार वाहनों की मनमानी पर अब परिवहन विभाग ने संज्ञान लिया है। स्वदेश केसरी न्यूज़ में प्रकाशित खबर के बाद विभाग हरकत में आया है और जल्द ही अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

दरअसल, कल ही स्वदेश केसरी न्यूज़ में “बिल्सी-बिसौली मार्ग पर परिवहन व्यवस्था बदहाल, टेंपो चालक वसूल रहे 20 किलोमीटर के 50 रुपये” शीर्षक से विस्तृत खबर प्रकाशित की गई थी। खबर में बताया गया था कि करीब 20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर नियमित बस सेवा नहीं होने के कारण अवैध रूप से संचालित टेंपो और डग्गामार वाहन यात्रियों से मनमाना किराया वसूल कर उनका शोषण कर रहे हैं। इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद परिवहन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।

इस संबंध में हरिओम गौतम, एआरटीओ प्रवर्तन बदायूं, ने बताया कि खबर के माध्यम से मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि बिल्सी-बिसौली मार्ग पर अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों और टेंपो को चिन्हित कर जल्द ही विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जाएगा

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मार्ग पर केवल वैध रूप से पंजीकृत इलेक्ट्रिक वाहनों को ही संचालन की अनुमति दी जाएगी और उनके लिए प्रति किलोमीटर के आधार पर किराया भी निर्धारित किया जाएगा, ताकि यात्रियों से मनमाना किराया वसूली पर रोक लग सके। साथ ही अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी की जाएगी।

गौरतलब है कि बिल्सी से बिसौली के बीच लगभग 20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर रोडवेज बसों की कमी के कारण लंबे समय से डग्गामार वाहनों का कब्जा बना हुआ है। इससे यात्रियों को आर्थिक शोषण के साथ-साथ असुरक्षित यात्रा भी करनी पड़ रही है।

क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि स्वदेश केसरी न्यूज़ में खबर प्रकाशित होने के बाद अब परिवहन विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई की जाएगी, जिससे अवैध वाहनों की मनमानी पर लगाम लगेगी और यात्रियों को राहत मिल सकेगी। स्थानीय नागरिकों ने साथ ही इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू करने की भी मांग दोहराई है, ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here