बिल्सी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश सिंह ने मंगलवार को कोतवाली बिल्सी का वार्षिक निरीक्षण किया। एसएसपी के आगमन को लेकर कोतवाली परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। दोपहर करीब 12 बजे एसएसपी कोतवाली पहुंचे और उन्होंने मालखाना, विभिन्न रजिस्टरों के रखरखाव एवं पुलिस व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने महिला हेल्प डेस्क के नवनिर्मित भवन का भी जायजा लिया और महिला आरक्षियों से महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की जानकारी प्राप्त की। साथ ही साइबर क्राइम से जुड़ी शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की।

आगामी होली एवं रमजान त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए एसएसपी ने कोतवाली में क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर सभी से त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के चौकीदारों को गर्म कंबल भी वितरित किए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह, थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। वहीं हलधर किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह को प्रतीक स्वरूप पीतल का गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here