बदायूं। शिवभक्ति, आस्था और सनातन परंपराओं का अद्भुत दृश्य उस समय देखने को मिला जब बदायूं की सिविल लाइन स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिवतेरस के पावन पर्व पर भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन बिसौली विधायक आशुतोष मौर्या और उनकी धर्मपत्नी सुषमा मौर्या पूर्व पालिका अध्यक्ष बिल्सी द्वारा कराया गया, जिनका बदायूं निवास मंदिर के समीप ही स्थित है।

गौरतलब है कि इसी नवनिर्मित मंदिर में 7 फरवरी को शिवलिंग, नंदी महाराज, गणेश जी, गौरा जी, कार्तिकेय जी, दुर्गा मां, राधा-कृष्ण एवं हनुमान जी सहित पूरे शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा भी विधि-विधान से संपन्न हुई थी। उसी आध्यात्मिक श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए आज शिवतेरस पर शिव-विवाह का दिव्य आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान भोलेनाथ के विवाह की सभी पारंपरिक रस्में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई गईं। मंगल गीतों, शंखनाद और “हर-हर महादेव” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। शिव-विवाह की संपूर्ण रस्में श्री बालाजी कीर्तन मंडल की संचालिका डिंपी शर्मा द्वारा विधिपूर्वक संपन्न कराई गईं।

भक्ति भाव से ओतप्रोत श्रद्धालुओं ने माता पार्वती का कन्यादान कर दहेज स्वरूप यथासंभव सुहाग का सामान अर्पित किया, जो आयोजन का अत्यंत भावुक और धार्मिक पक्ष रहा। श्रद्धालुओं की आंखों में आस्था और मन में आनंद साफ झलक रहा था।

आयोजन के समापन पर विधायक आशुतोष मौर्या ने अपनी धर्मपत्नी सुषमा मौर्या, पुत्र कृष्णा, बहिन मधु चंद्रा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं शिल्पी के साथ भगवान भोलेनाथ की सामूहिक आरती उतारी और परिवार सहित आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात विधायक की ओर से विवाह में पधारे सभी श्रद्धालुओं को फलाहार कराकर प्रसाद का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से मीनू शर्मा, प्रदीप शर्मा, निम्मी शर्मा, आलोक शर्मा, शिल्पी, मधु सक्सेना, कल्पना शर्मा, गौरी गुप्ता, उषा गुप्ता, मंजू गुप्ता (एम.के. स्पोर्ट्स), सुनील तिवारी, सुनीता दुबे, प्रदीप सागर, पिंकी सागर, प्रीति राठौर, रीता पांडे, सीमा शर्मा, अपर्णा शर्मा, ज्योति राय, प्रतिभा शर्मा, गौरी शर्मा, सहित हर्ष, कृष्णा और पीहू मौजूद रहे।

आयोजन की कड़ी में 17 फरवरी को मंदिर परिसर में महिला संगीत कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

कुल मिलाकर शिवतेरस के पावन अवसर पर हुआ यह शिव-विवाह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि बदायूं की सिविल लाइन को शिवमय वातावरण में बदल गया।
हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here