



बदायूं। अखिल भारतीय सनातन बोर्ड द्वारा जनपद बदायूं में नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज सोमवार, 9 फरवरी 2026 को सनातन बोर्ड के पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों से मुलाकात कर प्रस्तावित नई रेलवे लाइन के समर्थन में सहमति पत्र प्राप्त किए।
अखिल भारतीय सनातन बोर्ड के जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने बताया कि रेलवे द्वारा वर्षों से बदायूं जनपद की लगातार उपेक्षा की जाती रही है। जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति और आर्थिक संभावनाओं के बावजूद बदायूं को आज भी अपेक्षित रेल सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। इसी उपेक्षा को समाप्त करने के उद्देश्य से सनातन बोर्ड ने जिले में नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर यह जनआंदोलन प्रारंभ किया है।
उन्होंने कहा कि नई रेलवे लाइन बदायूं के लिए विकास की रीढ़ साबित होगी। इससे न केवल व्यापार और उद्योग को गति मिलेगी, बल्कि जिले में नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र का समग्र आर्थिक एवं सामाजिक विकास संभव हो सकेगा।
जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी एक संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जनपद की सामूहिक आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। इसी उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संगठनों से समर्थन पत्र एकत्र कर एक संयुक्त ज्ञापन के माध्यम से माननीय रेल मंत्री भारत सरकार को भेजा जाएगा।
सनातन बोर्ड पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जनहित में उठाई गई इस मांग पर केंद्र सरकार सकारात्मक निर्णय लेगी और बदायूं को रेलवे मानचित्र पर उसका उचित स्थान दिलाया जाएगा।
अभियान के दौरान कई संगठनों ने एक स्वर में नई रेलवे लाइन की मांग का समर्थन करते हुए इसे जनपद के भविष्य के लिए आवश्यक बताया।
सनातन बोर्ड ने आने वाले दिनों में इस अभियान को और व्यापक रूप देने तथा जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडलों और आम नागरिकों को भी इससे जोड़ने की योजना बनाई है।


























