बिल्सी (बदायूं)। नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुनील कुमार सिंह ने बिल्सी सर्किल का कार्यभार ग्रहण करने के बाद स्पष्ट किया है कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान उनकी कार्यशैली का मुख्य आधार होगा।
सीओ सुनील कुमार सिंह ने स्वदेश केसरी से बातचीत में कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिक की सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
रोज कार्यालय में बैठकर सुनेंगे जनता की समस्याएं
नवागत सीओ ने कहा कि वह प्रत्येक कार्यदिवस में कार्यालय में उपस्थित रहकर सीधे जनता की शिकायतें सुनेंगे और संबंधित मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना भी है।
एसएसपी के आदेश पर हुआ बदलाव
गौरतलब है कि जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा हाल ही में बिल्सी सर्किल में प्रशासनिक फेरबदल किया गया था। पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार को इस्लामनगर क्षेत्र के एक गांव में प्रभात फेरी को लेकर हुए विवाद के बाद बिल्सी सर्किल से हटा दिया गया था। इसके बाद बिसौली सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।
अब सीओ सुनील कुमार सिंह की तैनाती के बाद बिल्सी सर्किल में कानून व्यवस्था को लेकर नई कार्यशैली और सख्ती की उम्मीद जताई जा रही है।
जनता में बढ़ी उम्मीद
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों को उम्मीद है कि नए सीओ के नेतृत्व में शिकायतों का त्वरित समाधान, अपराध नियंत्रण और निष्पक्ष पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी


























