






बदायूं, 09 सितम्बर। नगर के प्रतिष्ठित लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल विद्यालय में मंगलवार को छात्र शपथ ग्रहण समारोह बड़े हर्षोल्लास और अनुशासनपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को विद्यालय की विभिन्न जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम में विद्यालय के हेड बॉय मास्टर वंश प्रताप सिंह एवं हेड गर्ल मिस महिमा राठौर ने अपने पद की शपथ ली। उनके साथ अन्य पदाधिकारियों ने भी यह संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के संस्थापक श्री वेदव्रत त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों को आत्मविश्वासी बनाते हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अपने लिए ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए भी जिम्मेदारी उठानी चाहिए।
प्रधानाचार्य श्री दीपक त्यागी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों को दिए गए पद केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और कर्तव्य भी हैं। यदि इन मूल्यों को जीवन में आत्मसात कर लिया जाए तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के सह-संस्थापक श्री तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका श्रीमती छवि शर्मा एवं श्रीमती रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक श्री देवव्रत त्रिवेदी सहित सभी पदाधिकारियों के अभिभावकगण तथा विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।














