

बिल्सी। नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल में बुद्धवार को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित कंप्यूटर लैब का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय में उत्सव का माहौल रहा, जहां शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राओं ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. ढिल्लों ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। नई लैब से विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और उच्च शिक्षा दोनों ही क्षेत्रों में विद्यार्थियों को सक्षम बनाती है।
विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने मुख्य अतिथि का आभार जताते हुए कहा कि यह कंप्यूटर लैब बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा का एक मजबूत आधार बनेगी। वहीं, एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि आज हर क्षेत्र में कंप्यूटर का ज्ञान अनिवार्य हो गया है, और यह लैब विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।
कार्यक्रम में एन.ए. इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह, उदय सिंह गौड़, डॉ. राजीव सिंह, दिनेश सिंह, सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस कंप्यूटर कक्ष में विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथि का आभार व्यक्त किया गया।


























