सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, अतिथियों ने दिए मार्गदर्शन के सूत्र






बरेली।कांति कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बरेली में शुक्रवार को एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डाॅ. एस.के. सूरी (चेयरमैन एवं डायरेक्टर, ई.एच.एस. स्टडीज इंस्टीट्यूट) और विशिष्ट अतिथि डा. गिरीश टंडन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजकुमार अग्रवाल (सह विभाग संघचालक) ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना गहलोत ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रतिभाओं को सम्मान मिलता है और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी।
मुख्य अतिथि डाॅ. एस.के. सूरी ने अपने संबोधन में सोशल मीडिया पर फैलने वाले अनावश्यक संदेशों से बचने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने पर बल दिया। वहीं, डा. गिरीश टंडन ने भी छात्राओं को अनुशासन और लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी।
नगद पुरस्कार एवं स्मृति सम्मान
- इंटरमीडिएट 2025 की परीक्षा में साक्षी देवी और आयुषी यादव ने 85.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- हाईस्कूल में प्राची गंगवार और वंशिका ने 92.83 प्रतिशत अंक पाकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
- प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुष्पलता स्मृति पुरस्कार के अंतर्गत ₹7000 और ₹5000 के नगद पुरस्कार दिए गए।
- इसके अलावा श्रीमती भद्रशीला शर्मा स्मृति पुरस्कार, क्षमा टंडन स्मृति पुरस्कार एवं श्रीमती राजकुमारी माहेश्वरी स्मृति पुरस्कार से भी मेधावी छात्राओं को ट्रॉफी एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय स्तर पर शुभी और निष्ठा यादव (हाईस्कूल द्वितीय व तृतीय स्थान), सुहानी गंगवार और मर्णिका अग्रवाल को भी पुरस्कार प्राप्त हुए। साथ ही गृह परीक्षा एवं विषयवार सर्वोच्च अंक पाने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों से समारोह का वातावरण उल्लासमय हो गया।
इस अवसर पर डा. रश्मि शर्मा, मोना शर्मा, डा. सुषमा दीक्षित, डा. सुबोध दीक्षित, श्रीमती भारती अग्रवाल, श्री विक्रम अग्रवाल, श्री सुनील कुमार सिंह, डा. अजीता सिंह, श्रीमती नीलम, डा. अलका अग्रवाल, श्री महेश चन्द्र पाण्डे, श्रीमती मधु टंडन, डा. सुभाष मौर्य सहित कई गणमान्य अतिथि, प्रबंध समिति के सदस्य, अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रिया सक्सेना ने किया तथा समापन अवसर पर व्यवस्थापिका श्रीमती सरोज अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
उक्त जानकारी शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी श्री राजेश कुमार शर्मा ने दी।


























