बदायूं। दरोगा की मां की हत्या का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार होकर 6 फीट ऊंची दीवार फांद गया, लेकिन 9 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे शेखूपुर रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, बदायूं में दरोगा की मां की हत्या करने वाला आरोपी हिस्ट्रीशीटर धीरेंद्र मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान उसने सुबह करीब 5:30 बजे अस्पताल की 6 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। बाहर निकलकर उसने एक ई-रिक्शा चालक से कहा कि उसे स्टेशन जाना है, लेकिन पास में पैसे नहीं हैं। मासूमियत समझकर रिक्शा चालक ने उसे मुफ्त में शेखूपुर रेलवे स्टेशन छोड़ दिया।
जैसे ही आरोपी के फरार होने की खबर फैली, एसएसपी ने तुरंत एसपी सिटी की अगुवाई में विशेष टीम गठित कर दी। एसओजी और 3 थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया और लगातार छापेमारी शुरू कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए शहर के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी दौरान अस्पताल के बाहर के एक कैमरे में आरोपी को ई-रिक्शे में बैठकर जाते हुए देखा गया। उसके बाद एक अन्य कैमरे में उसे स्टेशन पर उतरते देखा गया। रेलवे पुलिस की मदद से आरोपी को घेराबंदी कर 9 घंटे बाद शेखूपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।


























