
बिल्सी/उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम खितौरा में रविवार को बहजोई स्थित ढीमरवाली मंदिर से जल चढ़ाकर लौटे एक 22 वर्षीय युवक की सोमवार सुबह अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। युवक की हाल ही में शादी हुई थी, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, खितौरा निवासी मुकेश गुप्ता का पुत्र जतिन वार्ष्णेय रविवार को अपने दोस्तों के साथ बहजोई स्थित प्रसिद्ध ढीमरवाली मंदिर पर जल चढ़ाने गया था। वहां अधिक भीड़ के चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद साथी उसे घर वापस ले आए।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे जतिन जब अपनी रेडीमेड कपड़ों की दुकान खोल रहा था, तभी शटर उठाते वक्त उसके सीने में तेज दर्द उठा और वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। पड़ोसी दुकानदार उसे तुरंत एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जतिन की मौत से गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि जतिन की शादी चार महीने पहले ही धूमधाम से हुई थी। उसकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है और क्षेत्र में मातम पसरा है।


























