
बिल्सी। नगर में सोमवार को विद्युत विभाग की टीमों ने बकायेदारों और बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ₹10,000 से अधिक बकाया रखने वाले 100 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए। वहीं, मोहल्ला नंबर 8 साहिबगंज में एक उपभोक्ता को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा, 10 खराब मीटर बदले गए।
मध्यांचल विद्युत खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने मोहल्ला नंबर 1, 2 और 8 साहिबगंज में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सचल दल की टीम भी सक्रिय रही।
अधिशासी अभियंता नागेंद्र सिंह ने बताया कि बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। चेकिंग की सूचना मिलते ही नगर में हड़कंप मच गया, और कई उपभोक्ता अपने बकाया बिल जमा कराने के लिए दौड़ पड़े।
चेकिंग अभियान में ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में उपखंड अधिकारी (एसडीओ) बिल्सी शोएब अंसारी, एसडीओ दातागंज हरी दीपक यादव, एसडीओ मीटर बी एल मौर्य, अवर अभियंता (जेई) बिल्सी दिनेश कुमार सिंह, अवर अभियंता रामस्वरूप, विकास तिवारी, राकेश कुमार सहित विद्युत विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।


























