बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को सभी छात्रों को एल्बेंडाजॉल टेबलेट खिलाई गई। यह कार्यक्रम बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की शुरुआत 2015 में की गई थी। यह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लक्ष्य देश के हर बच्चे को कृमि मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भी इस अभियान का समर्थन करता है और बच्चों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कृमि संक्रमण से बचाव के लिए पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षक व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


























