
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में सीबीएसई द्वारा शिक्षकों के लिए वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना था, ताकि वे न केवल स्वयं जागरूक हों, बल्कि अपने छात्रों को भी इस विषय में शिक्षित कर सकें।
कार्यशाला में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भाग लिया। उन्हें बजट बनाने, बचत करने, निवेश के तरीकों और वित्तीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, उन्हें नवीनतम शिक्षण तकनीकों और पद्धतियों से अवगत कराया गया, जिससे वे अपने ज्ञान और कौशल को और विकसित कर सकें।
विद्यालय की निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना बेहद आवश्यक है, जिससे वे छात्रों को एक बेहतर शिक्षा प्रदान कर सकें और उन्हें सफल एवं आत्मनिर्भर बना सकें।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कार्यशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के व्यावसायिक विकास में मदद करना और उन्हें छात्रों के साथ अधिक प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए सक्षम बनाना था।
सीबीएसई द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और एक-दूसरे से सीखने का अवसर प्राप्त किया। इस मौके पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी समेत पूरा स्टाफ मौजूद रहा।


























