




बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में आज 78वीं स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ को हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय को तिरंगे रंग के गुब्बारों और अन्य आकर्षक सजावटों से सजाया गया, जिससे देशभक्ति का माहौल बन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, रामकुमार गुप्ता, और प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने ध्वजारोहण करके किया। उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व को समझाते हुए बताया कि किस प्रकार भारत के वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आज़ादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
इसके बाद भारत माता के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर, उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए समारोह का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय और प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल सामाजिक और आर्थिक स्वतंत्रता से नहीं है, बल्कि हमें अपने देश को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस पर भाषण और नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों ने शहीद भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस की वेशभूषा धारण कर देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने अपने संबोधन में नई पीढ़ी पर देश की आर्थिक और सामाजिक स्वाधीनता की जिम्मेदारी का ज़िक्र किया। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वाह करने की प्रेरणा दी।
इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बच्चों के देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे विद्यालय को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे यह स्वतंत्रता दिवस एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

























