कैंप में प्रतिभाग करने वाले बच्चों के लिए पूल पार्टी का भी आयोजन, नगर के मधुबन फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में सभी बच्चों ने खूब की मस्ती

बिसौली।वार्ष्णेय महिला वेलफेयर समिति, बिसौली द्वारा नगर के अशर्फी देवी सरस्वती शिशु मंदिर में चल रहे 10 दिवसीय समर कैंप का आज समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संविलियन विद्यालय पैगा भीकमपुर की प्रधानाध्यापिका तथा समाजसेविका अर्चना वार्ष्णेय , विशिष्ट अतिथि वार्ष्णेय दर्शन पत्रिका के संपादक तथा अध्यापक साहू सावेन्द्र तथा सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य जी ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित यह समर कैंप 10 दिनों तक चला जिसमे 100 से अधिक बच्चों ने विभिन्न विधाओं एवम कलाओं को सीखा। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्कार वार्ष्णेय ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। छोटे-छोटे बच्चों ने समर कैंप में जो नृत्य सीखे थे उसकी प्रस्तुति देकर सभी आगुंतकों का मन मोह लिया साथ ही सीनियर डांस ग्रुप ने भी बहुत ही मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया ।
कैंप में नृत्य, ड्राइंग, थ्री डी पेंटिंग, ढोलक, मेंहदी, हेयर स्टाइल, रंगोली आदि विविध कलाएं सिखाने वाली प्रशिक्षिकाओ रीना वार्ष्णेय , कृतिका वार्ष्णेय तथा श्रद्धा वार्ष्णेय का सहयोग सराहनीय रहा। समापन समारोह में तीनों प्रशिक्षिकाओ को सम्मानित किया गया। क्राफ्ट ,मेहंदी, थ्री डी आर्ट, ड्राइंग आदि सीखने वाले बच्चों ने अपनी प्रदर्शनी भी लगाई जिसका अवलोकन कर सभी अतिथियों और आगुंतकों ने बहुत सराहा। समर कैंप में विशेष सहयोग प्रदान करने पर शिक्षिका दीपिका कथूरिया को भी सम्मानित किया गया। समर कैंप में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को अतिथियों ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि साहू सावेंद्र ने अपने संबोधन में समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की तथा उन्होंने कविता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। मुख्य अतिथि अर्चना वार्ष्णेय ने सफल समर कैंप आयोजित करने पर आयोजक मंडल तथा सभी बच्चों को बधाई दी तथा उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में यह समर कैंप बहुत सहायक सिद्ध होगा।
समिति के द्वारा सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष तथा सभासद कृष्णा वार्ष्णेय ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत कैंप में प्रतिभाग करने वाले बच्चों के लिए पूल पार्टी का भी आयोजन किया गया। नगर के मधुबन फार्म हाउस बिसौली के स्विमिंग पूल में सभी बच्चों ने खूब मस्ती की। वार्ष्णेय महिला वेलफेयर समिति,बिसौली द्वारा किया गया यह प्रयास बहुत सराहनीय रहा।
इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष कृष्णा वार्ष्णेय, उपाध्यक्ष विनीता वार्ष्णेय, सचिव पिंकी वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष रीना वार्ष्णेय, रेनू वार्ष्णेय, स्वाति वार्ष्णेय, आंचल वार्ष्णेय, नीलम वार्ष्णेय, मधु वार्ष्णेय, अंजली वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहीं।

























