
बदायूं सीट से अखिलेश के भाई लड़ेंगे चुनाव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें बदायूं से सपा ने एक बार फिर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि उनका नाम पहले से ही तय माना जा रहा था, फिर भी तमाम अटकलें लगाई जा रही थीं। घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने बदायूं से पहली बार वर्ष 2009 में सपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। इसमें उन्हें जीत हासिल हुई। इसके बाद 2014 में मोदी लहर के बावजूद वह दोबारा बदायूं से सांसद बने।
तीसरी बार 2019 में फिर उन्हें सपा का प्रत्याशी बनाया गया, लेकिन वह भाजपा प्रत्याशी डॉ. संघमित्रा मौर्य से हार गए थे। अब 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर हैं। अभी तक किसी पार्टी ने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की लेकिन सपा ने मंगलवार को पहली सूची जारी कर सपा कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया।
जैसे ही सूची में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का नाम कार्यकर्ताओं ने देखा तो खुशी की लहर दौड़ गई। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा नेता धर्मेंद्र यादव की जीत होने पर जिले में एक बार फिर विकास रफ्तार पकड़ेगा। बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य ने कहा कि विकास का दूसरा नाम ही धर्मेंद्र यादव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की।

























