तेलंगाना में एक सरकारी अधिकारी के घर इतनी संपत्ति मिली है कि छापेमारी करने गई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम के देखकर होश उड़ गए हैं. ये छापेमारी तेलंगाना राज्य रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (टीएसआरईआरए) के सचिव और हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एचएमडीए) के पूर्व डायरेक्टर शिव बालाकृष्ण के घर पर पड़ी है. बताया गया है कि सरकारी अधिकारी के घर अर्जित आय से अधिक 100 करोड़ रुपए की संपत्ति बरामद की गई है.



तेलंगाना एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 24 जनवरी को एक नगर नियोजन अधिकारी से जुड़े घर और कार्यालयों पर छापा मारा. छापेमारी में 40 लाख रुपये कैश और 100 करोड़ की संपत्ति मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है. अधिकारी का नाम है- शिव बालकृष्ण न्यूज एजेंसी PTI ने ACB के सूत्रों के हवाले से बताया है कि शिव बालकृष्ण से जुड़े ठिकानों पर ACB की 14 टीम छापेमारी कर रही हैं.
अधिकारी का हैदराबाद शहर के पॉश इलाके में आलीशान बंगला है. घर को देखकर ऐसा नहीं लगता है कि ये किसी अधिकारी का बंगला बल्कि किसी बड़े उद्योगपति का बंगला मालूम पड़ता है. बंगले को देखकर एसीबी के अधिकारी हैरान रह गए. एसीबी के शुरुआती जांच से पता चलता है कि बालाकृष्ण ने कथित तौर पर कई रियल एस्टेट कंपनियों के लिए परमिट की सुविधा देकर करोड़ों रुपए कमाए हैं.
जब्त की गई संपत्ति में सोना, फ्लैट और बैंक में जमा पैसे शामिल हैं. NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस लिस्ट में 40 लाख कैश के अलावा दो किलो सोना, 60 महंगी घड़ियां, प्रॉपर्टी के पेपर्स, 14 फोन, 10 लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी मौजूद हैं. एंटी करप्शन ब्यूरो अब बालकृष्ण के बैंक लॉकर्स और अन्य बेनामी संपत्तियों की जांच कर रहा है.
अब एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच कर रही है. इस छापेमारी में 100 करोड़ से अधिक के बेनामी संपत्तियों को जब्त किया गया है.
कौन हैं शिव बालकृष्ण
शिव बालकृष्ण तेलंगाना स्टेट रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (TSRERA) के सेक्रेटरी हैंं. साथ ही वो हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (HMDA) के डायरेक्टर भी रह चुके हैं.
ACB की टीम ने सुबह 5 बजे तलाशी शुरू की थी. लगभग 20 जगहों पर तलाशी ली जा चुकी है. खबरों के मुताबिक, HMDA और TSRERA के कार्यालयों की भी तलाशी ली गई है. इसके अलावा बालकृष्ण से जुड़े कई अन्य ठिकानों पर भी छापे मारे गए हैं. उनके कुछ रिश्तेदारों के यहां भी ACB की टीम पहुंची है.

























