होम राज्य उत्तर प्रदेश नोएडा, गाजियाबाद से लखनऊ तक हाई अलर्ट पर यूपी पुलिस, जानिए क्यों

नोएडा, गाजियाबाद से लखनऊ तक हाई अलर्ट पर यूपी पुलिस, जानिए क्यों

नोएडा से रजत गुप्ता की रिपोर्ट

नोएडा और गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक उत्तर प्रदेश पुलिस हाई अलर्ट पर है। शनिवार को देर शाम से लेकर रात तक पुलिस तलाशी अभियान, गश्त और फ्लैग मार्च कर रही है। गाजियाबाद में पुलिस अफसर ब्लैक कैट कमांडो की कंपनी लेकर सड़कों पर हैं। नोएडा में पूरा पुलिस कमिश्नरेट तलाशी अभियान में जुटा है। राज्य की राजधानी लखनऊ में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नवीन अरोड़ा घुड़सवार दस्ते के साथ शहर में सुरक्षा इंतजाम परख रहे हैं।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट से मिली जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस चेकिंग कर रही है। भीड़ भरे स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर मास्क लगा बिना लगाए घूम रहे लोगों को पकड़ा जा रहा है। संक्रमण के फैलाव के प्रति लापरवाही बरतने वाले लोगों को पकड़कर चालान किया जा रहा है। इसके अलावा दोनों शहरों में क्रिसमस और नव वर्ष के आयोजनों को ध्यान में रखते हुए तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। सभी थानों की पुलिस सड़क पर है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों की भी धरपकड़ की जा रही है। दो जनवरी तक गौतमबुद्ध नगर में यह विशेष अभियान चलाया जाएगा।

गाजियाबाद में किसान आंदोलन चरम पर है। हजारों की संख्या में किसान दिल्ली की सीमा यूपी गेट पर करीब 4 सप्ताह से डटे हुए हैं। लगातार किसानों की संख्या बढ़ रही है। हालात पर काबू रखने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने शनिवार की देर शाम ब्लैक कैट कमांडो का दस्ता सुरक्षा संभालने के लिए भेजा है। ब्लैक कैट कमांडो के दस्ते ने शहर में दौरा किया है। इस दौरान एसपी सिटी और सीओ सिटी दस्ते के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने कमांडोज के साथ ब्रीफिंग भी की है। साथ ही शहर में नए साल को लेकर बाजारों में भीड़ है। पुलिस सुरक्षा इंतजामों को परखने में जुटी है।

लखनऊ के अपर पुलिस आयुक्त नवीन अरोड़ा ने बताया कि क्रिसमस और नए साल के आयोजनों को ध्यान में रखते हुए राजधानी के सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता किए गए हैं। खुद नवीन अरोड़ा घुड़सवार दस्ते के साथ शहर में निकले और हालात का जायजा लिया है। भीड़ भरे बाजार बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने का आदेश दिया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेस्टोरेंट, बार और शराब की दुकानों पर विशेष नजर बना कर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here