होम राज्य हिमाचल में क्रिसमस पर रोहतांग आएं रिकॉर्ड 85 हजार टूरिस्ट: शिमला में...

हिमाचल में क्रिसमस पर रोहतांग आएं रिकॉर्ड 85 हजार टूरिस्ट: शिमला में 25 हजार गाड़ियां एंटर; प्रदेश में 90-95 प्रतिशत होटल जैम-पैक

क्रिसमस पर शिमला में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब। टूरिस्टों से खचाखच भरा शिमला का रिज। - Dainik Bhaskar

क्रिसमस पर शिमला में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब। टूरिस्टों से खचाखच भरा शिमला का रिज

हिमाचल प्रदेश की अटल टनल रोहतांग में क्रिसमस पर रिकॉर्ड 85 हजार टूरिस्ट पहुंचा। प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों में भी 90 से 95 फीसदी होटल जैम पैक हो गए हैं। कोरोना के बाद पहली बार पहाड़ों पर इतना टूरिस्ट आया है। इससे पहाड़ों पर रौनक जरूरी बढ़ी है। मगर, मनाली, रोहतांग, सिस्सू और शिमला के लक्कड़ बाजार व संजौली ट्रैफिक जाम लोगों को परेशान कर रहा है।

क्रिसमस के अवसर पर हिमाचल में बर्फ से लदे पहाड़ों का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों ने राजधानी शिमला सहित मनाली, धर्मशाला व डल्हौजी का रुख किया है। प्रदेशभर में क्रिसमस के अंतर्राष्ट्रीय त्यौहार को लेकर होटल कारोबारियों ने भी खूब चांदी कूटी है। सोमवार को शिमला रिज मैदान पर बने चर्च सहित अन्य स्थलों पर जाकर सैलानियों ने जहां क्रिसमस की एक-दूसरे को बधाइयां दीं, वहीं पर कुछेक पर्यटकों ने डल्हौजी सहित पर्यटन नगरी मनाली व धर्मशाला का भी रुख किया है। होटल कारोबारियों को भी आशा के अनुरूप क्रिसमस पर बेहतर कारोबार होने से अच्छी आमदनी हो रही है।

शिमला के सभी होटल पैक

शिमला के सभी होटल इन दिनों पैक चल रहे हैं, वहीं पर नववर्ष तक विंटर पर्यटन सीजन और बेहतर चलने की उम्मीदें जताई जा रही है। क्रिसमस के अवसर पर राजधानी में पर्यटकों के उत्साह को देखते हुए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एच.पी.टी.डी.सी.) के होटलों में खास तैयारियां की गई थीं। इसके अलावा निजी होटलों में भी पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विशेष आयोजन किए गए। होटल व रेस्तरां प्रबंधनों ने ग्राहकों के लिए इस दिन को यादगार बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए थे।

कपल डांस व डी.जे. नाइट का किया आयोजन
इस दौरान ग्राहकों को लुभाने के लिए डाइन एंड डांस के अलावा कपल डांस व डी.जे. नाइट आदि का आयोजन किया गया। इसी तरह मनाली के होटलों में पर्यटकों का कुल्लवी टोपी व फू ल देकर स्वागत किया गया। धर्मशाला व डल्हौजी में भी पर्यटकों के लिए होटल मालिकों ने खास प्रबंध किए हैं। प्रदेश के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पहले से होटलों की बुकिंग होने पर पर्यटक कई अन्य स्थलों की और भी रुख कर रहे हैं।
होटलों में परोसे गए विशेष व्यंजन
क्रिसमस पर होटलों में पर्यटकों के लिए विशेष व्यंजन भी परोसे गए, जिसका ग्राहकों ने लुत्फ उठाया। शहर के मुख्य स्थानों पर पर्यटकों व स्थानीय लोगों की खासी भीड़ रही और देर शाम तक क्रिसमस पर्व के चलते जश्न मनाया गया। शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थलों रिज मैदान, जाखू मंदिर व मालरोड सहित नालदेहरा, चायल, कुफरी तथा नारकंडा में भी दिनभर पर्यटकों की भीड़ रही। बहरहाल क्रिसमस के जश्न में पहाड़ों की रानी शिमला पूरी तरह से सराबोर रही।

पुलिस ने इन शहरों में ट्रैफिक को सुचारू ढंग से चलाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।लाहौल स्पीति जिला पुलिस ने ट्रेफिक की निगरानी के लिए ड्रोन सर्विलांस का इस्तेमाल किया है।इससे ट्रैफिक पर नज़र रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here