होम राज्य उत्तर प्रदेश सरस्वती शिशु मंदिर में गमला प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, कचरे...

सरस्वती शिशु मंदिर में गमला प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, कचरे से कंचन तक दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश.नन्हे विद्यार्थियों ने दिखाई कल्पनाशक्ति,

बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति प्रेम की भावना विकसित करने के उद्देश्य से गमला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और सृजनात्मक कौशल का प्रयोग करते हुए विभिन्न प्रकार के आकर्षक गमले तैयार किए। बच्चों ने गमलों को रंग-बिरंगे ढंग से सजाने के साथ उनमें विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति उनके लगाव की झलक देखने को मिली।

प्रतिभागियों का मूल्यांकन बरेली संभाग के जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर एवं कांति कपूर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की श्रीमती बबिता राय ने किया। मूल्यांकन के दौरान गमलों की सजावट, रंग संयोजन, स्वच्छता, रचनात्मकता तथा लगाए गए पौधों की देखभाल जैसे विभिन्न मानकों को आधार बनाया गया।

खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने अनेक अनुपयोगी एवं बेकार वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल करते हुए आकर्षक गमले तैयार किए। इसके माध्यम से बच्चों ने न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि ‘कचरे से कंचन’ और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश भी दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना नहीं है, बल्कि उनके भीतर प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण की बड़ी मुहिम को सफल बनाया जा सकता है।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले आचार्यों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here