
बिल्सी। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर बिल्सी नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी बड़े ही उत्साह, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ निकाला गया। जुलूस में मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने सहभागिता की। जुलूस के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह धार्मिक एवं सौहार्दपूर्ण नजर आया। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और लंगर एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
जुलूस का शुभारंभ मोहल्ला नंबर-2 स्थित कादरी पब्लिक स्कूल से हुआ। यहां से जुलूस सीताराम तिराहा, थाना मोड़ सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ कोठी वाली मस्जिद पहुंचा, जहां जुलूस का शांतिपूर्ण ढंग से समापन किया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग धार्मिक झंडे और तख्तियां लेकर शामिल हुए।
जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर अन्य समुदाय के लोगों ने मुस्लिम समाज के लोगों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर संगठनों एवं स्थानीय लोगों की ओर से लंगर और जलपान की व्यवस्था भी की गई। इससे बिल्सी में आपसी भाईचारे, एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। बिल्सी थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ जुलूस के मार्ग पर मुस्तैद रहे। पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को संभालते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
बिल्सी नगर के अलावा बेहटा गुसाईं, सिरासौल और खैरी समेत आसपास के कई गांवों में भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। सभी स्थानों पर शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहा।
जनप्रतिनिधियों और प्रमुख लोगों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश सागर ने मुस्लिम समाज के लोगों से मुलाकात कर ईद-ए-मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं और जुलूस में भी सहभागिता की। पूर्व विधायक हाजी विटन, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सर्वेश यादव तथा योगेन्द्र तोमर के प्रतिनिधि डॉ. रामवीर भदौरिया भी जुलूस में शामिल हुए।
जुलूस में कोठी वाली मस्जिद के इमाम हजरत मोईन, आईशा मस्जिद के इमाम अब्दुल रऊफ, नूरी मस्जिद के इमाम तौसीफ रजा तथा करबला के शाही इमाम मौलाना उस्मान सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरु एवं समाज के लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा रईस अहमद, शाहनवाज अल्वी, सईद अहमद उर्फ शब्लू, जमील कस्सार, इकरार अहमद, तौफीक अंसारी, मुसहिद अंसारी, इस्लाम अंसारी, रिजवान मलिक, जाविर अल्वी, सरताज अल्वी, जरीफ मलिक, सलीम गौरी, फैजान राईन, शाहिद राईन, गुड्डू फरीदी, वसीम उस्मानी, नसीम राईन सहित बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में सहभागिता की।
नगर पालिका की व्यवस्थाओं की हुई सराहना
जुलूस में शामिल लोगों ने नगर में सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन की सराहना की। लोगों ने कहा कि जुलूस के मार्ग पर सफाई व्यवस्था बेहतर रहने से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरे नगर में अमन, एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता नजर आया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।

























