होम राज्य उत्तर प्रदेश हरियाली तीज पर श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता,...

हरियाली तीज पर श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा

बदायूं। शहर के पंजाबी चौक स्थित श्री गुरु नानक जूनियर हाई स्कूल में हरियाली तीज के पावन अवसर पर छात्राओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा चार से आठ तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए आकर्षक मेहंदी डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने पारंपरिक एवं आधुनिक मेहंदी डिजाइनों को अपने हाथों पर उकेरते हुए कला-कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्राची, परी, आराध्या, रिया, सानिया, वैष्णवी, तनु, आराध्या गुप्ता, आराध्या श्रीवास्तव, संध्या, पाखी, कंचन, अवनी, इनाया, सालवी, नीति, भव्या और आरोही सहित अनेक छात्राओं ने भाग लिया।

निर्णायकों द्वारा छात्राओं की मेहंदी की डिजाइन, सफाई, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में कक्षा सात की संध्या ने प्रथम स्थान, कक्षा सात की भूमि ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा आठ की आराध्या गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नीलम अग्रवाल ने छात्राओं को हरियाली तीज पर्व का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व बताया। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़ी कथा का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि तीज का पर्व भारतीय संस्कृति में आस्था, प्रेम और पारिवारिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और उनका सम्मान करने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्या ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं की छिपी हुई प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती सरला यादव, श्रीमती पल्लवी रस्तोगी, श्रीमती सूची, श्रीमती प्रियंका, श्रीमती आरती, श्रीमती नजमा, श्रीमती तरुणा, श्रीमती सोनम, श्रीमती चित्रा, श्रीमती निदा, श्रीमती चांदनी तथा कुमारी जसमीत, कुमारी परमीत, कुमारी मुस्कान, कुमारी ममता, कुमारी आकांक्षा और कुमारी प्रिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

पूरे कार्यक्रम में हरियाली तीज की उमंग और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। विद्यालय परिवार ने विजेता छात्राओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here