होम राज्य उत्तर प्रदेश श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर बिल्सी में बाबा महाकाल का हुआ...

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर बिल्सी में बाबा महाकाल का हुआ भव्य श्रृंगार, महाआरती में उमड़ा आस्था की भीड़ ,

बिल्सी। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर नगर स्थित श्री महाकाल धाम में बाबा महाकाल का भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

इस पावन अवसर पर बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार नगर के समाजसेवी श्री कुलदीप माथुर एवं उनके समस्त परिवार द्वारा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कराया गया। इसके उपरांत श्री कुलदीप माथुर ने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। रुद्राभिषेक के बाद पूरे परिवार ने बाबा महाकाल की महाआरती उतारकर क्षेत्रवासियों एवं देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया।

कार्यक्रम के समापन पर श्री महाकाल बाबा सेवा समिति की ओर से श्री कुलदीप माथुर एवं उनके पूरे परिवार का पटका पहनाकर सम्मान किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उनके धार्मिक एवं सामाजिक सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्री महाकाल बाबा सेवा समिति के सदस्य, शिवभक्त एवं नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here