
बिल्सी। भू देवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज, बिल्सी में छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक, जूनियर एवं सीनियर विभाग की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने अपने हाथों पर आकर्षक मेहंदी की डिजाइन बनाईं। विभिन्न डिजाइनों में छात्राओं की रचनात्मकता, बारीकी और कलात्मक कौशल साफ नजर आया। प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्राथमिक विभाग में पूर्वी ने प्रथम, मानशी गौतम ने द्वितीय तथा तान्या एवं रिद्धि मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर विभाग में नव्या प्रथम, श्रेयांशी द्वितीय तथा कौशिकी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं सीनियर विभाग में शिफालिया ने प्रथम, प्राची वार्ष्णेय ने द्वितीय तथा काव्या गोस्वामी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका नयना वार्ष्णेय, आशा वार्ष्णेय एवं ममता वार्ष्णेय ने निभाई। कार्यक्रम के संचालन में माधुरी शांखी, लक्ष्मी शर्मा, गीता रानी एवं चांदनी का सहयोग रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि मेहंदी जैसी रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में कला, कल्पनाशीलता, धैर्य और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक एवं सृजनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए भी पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है।
प्रधानाचार्य ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के अंदर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामने लाया जा सकता है।






















