

बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में जाइयंट ग्रुप ऑफ बरेली रॉयल के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में फोकस नेत्रालय की डॉ. कनु प्रिया अग्रवाल, राधिका सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉ. समीक्षा पाराशर तथा डॉ. विनोद की टीम ने विद्यार्थियों के नेत्र, दंत एवं सामान्य स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों की ऊंचाई, वजन, आंखों, दांतों तथा सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी भी दी। जिन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं, उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
विद्यालय के प्रबंधक दिनेश मलिक ने जाइयंट ग्रुप ऑफ बरेली रॉयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति सभी को सजग रहना चाहिए।
जाइयंट ग्रुप ऑफ बरेली रॉयल के अध्यक्ष राघव अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष माणिक अग्रवाल, वत्सल अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रतुल अग्रवाल, लवीना सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। शिविर के अंत में नन्हे विद्यार्थियों को मौसम के अनुरूप छाते, आवश्यक दवाइयां एवं टूथपेस्ट सहित अन्य उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडे एवं बरेली जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सक दल का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, चिकित्सकों एवं जाइयंट ग्रुप ऑफ बरेली रॉयल के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम की जानकारी शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी।


























