बिल्सी (बदायूं)। नगर के रामा पेट्रोल पंप के सामने बुधवार को एआरटीओ द्वारा चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक मालवाहक पिकअप वाहन में करीब 30 सवारियां ले जाते पाए जाने पर उसे सीज कर दिया गया। कार्रवाई के बाद मौके पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।

जानकारी के अनुसार पिकअप चालक आशीष कुमार निवासी ग्राम पुसगवां, थाना वजीरगंज अपने परिवार के साथ सोरों में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। चालक का कहना था कि अधिकारियों से वाहन छोड़ने की काफी गुहार लगाई गई, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए कोई राहत नहीं दी गई। वाहन में सवार महिला नीरज ने भी मानवीय आधार पर वाहन छोड़ने का अनुरोध किया, लेकिन कार्रवाई जारी रही।

एआरटीओ हरिओम ने बताया कि जांच के दौरान मालवाहक पिकअप में लगभग 30 सवारियां बैठाकर ले जाई जा रही थीं। उन्होंने कहा कि मालवाहक वाहन में यात्रियों का परिवहन मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों का उल्लंघन है। इसी कारण वाहन को सीज कर विभागीय कार्यालय भेज दिया गया।

एआरटीओ ने बताया कि कार्रवाई के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी को एक निजी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here