अंबियापुर ब्लॉक में कथित भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के आरोपों को लेकर दिनभर चला धरना प्रदर्शन,




बिल्सी (बदायूं)। तहसील मुख्यालय परिसर बिल्सी में शुक्रवार को भारतीय हलधर किसान यूनियन के बैनर तले अंबियापुर ब्लॉक में कथित भ्रष्टाचार एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शैली गोविल के अभद्र व्यवहार के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ धरना शाम तक जारी रहा। अंततः शाम करीब पांच बजे बीडीओ शैली गोविल के धरना स्थल पर पहुंचकर खेद व्यक्त करने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देने के बाद यूनियन ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
धरने के दौरान किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि अंबियापुर ब्लॉक में सरकारी योजनाओं का लाभ अपात्र लोगों को दिया जा रहा है। साथ ही सचिवों के माध्यम से अवैध वसूली किए जाने तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर भी आर्थिक लाभ लेने के आरोप लगाए गए। यूनियन पदाधिकारियों ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
धरना स्थल पर पहुंचे उप जिलाधिकारी बिल्सी राजेश कुमार सिंह ने किसान नेताओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में शाम करीब पांच बजे बीडीओ शैली गोविल स्वयं धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए खेद व्यक्त किया और किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ सभी शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद भारतीय हलधर किसान यूनियन ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव तथा प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पूरे समय मौके पर मौजूद रहे।
धरने में भारतीय हलधर किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश लड्ढा महेश्वरी, जिला अध्यक्ष राहुल सोलंकी, मंडल अध्यक्ष मृगांक जैन उर्फ टीटू जैन, संगठन मंत्री चंद्रसेन महेश्वरी, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष संध्या शर्मा अपनी टीम के साथ, प्रदेश सचिव बिजनेस सोलंकी सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


























