बिल्सी (बदायूं)। लंबे समय से परिवहन सुविधाओं की कमी से जूझ रहे बिल्सी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कासगंज रोडवेज डिपो प्रशासन ने कासगंज से चंदौसी वाया बिल्सी-बिसौली शटल बस सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित सेवा शुरू होने के बाद बिल्सी और आसपास के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कासगंज डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) ने स्वदेश केसरी संवाददाता से दूरभाष पर बातचीत में बताया कि कासगंज से चंदौसी तक नई शटल बस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय औपचारिकताएं पूरी होते ही यह सेवा कासगंज–बिल्सी–बिसौली–चंदौसी मार्ग पर संचालित कर दी जाएगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यात्रियों की मांग को देखते हुए कासगंज से हरिद्वार के लिए वाया बिल्सी, चंदौसी और मुरादाबाद बस सेवा शुरू करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो बिल्सी क्षेत्र के श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को हरिद्वार जाने के लिए सीधी रोडवेज सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
गौरतलब है कि बिल्सी-बिसौली-कासगंज मार्ग पर लंबे समय से रोडवेज बसों की संख्या बेहद सीमित है। वर्तमान में इस मार्ग पर केवल दो नियमित बसें संचालित हो रही हैं। इनमें एक बस पीतल नगरी डिपो द्वारा मैनपुरी के लिए तथा दूसरी कासगंज डिपो द्वारा मुरादाबाद के लिए संचालित की जा रही है। बसों की कमी के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कासगंज-चंदौसी शटल सेवा शुरू हो जाती है तो बिल्सी, बिसौली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को रोजाना आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था भी पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ होगी।


























