
बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) को लेकर शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी तथा परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 28,198 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा तीन दिनों में पांच पालियों में आयोजित होगी। पहली तीन पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर तथा अंतिम दो पालियों में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली में लगभग 5,639 से 5,640 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रथम पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:00 बजे तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 से 8:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:15 से 1:45 बजे तक ही मान्य रहेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और काला डॉट पेन ही परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त कोई भी वस्तु प्रतिबंधित रहेगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रैन बसेरा, प्राथमिक उपचार किट, रोडवेज एवं रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क तथा परीक्षा केंद्रों की दूरी एवं किराया दर्शाने वाले बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रोडवेज, रेलवे एवं खाद्य सुरक्षा विभाग को भोजन, आवागमन और चिकित्सा संबंधी समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने, अफवाहों पर नजर रखने तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के धार्मिक प्रतीकों या चिन्हों को हटाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।


























