बिल्सी। क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की स्थापना के लिए शासन स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि बिल्सी क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन उचित खेल मैदान और सुविधाओं के अभाव में उन्हें आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता। स्टेडियम बनने से क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में शासन स्तर की बैठकों में भी यह मुद्दा उठाया गया है। भूमि उपलब्ध होते ही प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति दिलाने के प्रयास तेज किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और स्टेडियम के लिए वह जल्द मुख्यमंत्री से भी मिलेंगे।
क्षेत्र के युवाओं का कहना है कि बिल्सी में सालभर क्रिकेट टूर्नामेंट और खेल प्रतियोगिताएं होती हैं, लेकिन स्थायी मैदान के अभाव में आयोजन प्रभावित होते हैं। मिनी स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को नई पहचान और बेहतर अवसर मिलेंगे।
विधायक के जन्मदिन पर होंगे कई कार्यक्रम
विधायक हरीश शाक्य का जन्मदिन 25 जून को मनाया जाएगा। कार्यक्रमों के तहत दोपहर 12 बजे बिल्सी में प्रकाश व्यवस्था का लोकार्पण, 12:30 बजे गांधी पार्क के सामने सीसी रोड का शिलान्यास, एक बजे बारातघर का लोकार्पण तथा दो बजे इस्लामनगर रोड स्थित नवनिर्मित मेडिकेयर हॉस्पिटल में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन होगा। अस्पताल संचालक मधुप राठी ने बताया कि इस अवसर पर विधायक का केक काटकर जन्मदिन भी मनाया जाएगा। शाम को कछला स्थित मां भागीरथी घाट पर गंगा आरती और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।


























