MLC के व्हाट्सएप पर आई कार्यकर्ता की मांग, तीन दिन में मंजूर करा दी सड़क; क्षेत्र में एमएलसी वागीश पाठक की कार्यशैली की हो रही चर्चा,






बदायूं। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास खंड जगत परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ एमएलसी वागीश पाठक ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, फैमिली आईडी, कृषि विभाग, बाल विकास एवं महिला कल्याण, समाज कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। एमएलसी वागीश पाठक ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
अपने संबोधन में एमएलसी वागीश पाठक ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, डिजिटल क्रांति, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न हुई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां वितरित की गईं। विकास खंड परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।
व्हाट्सएप संदेश पर तीन दिन में मंजूर हुई सड़क
कार्यक्रम के दौरान सबसे अधिक चर्चा एमएलसी वागीश पाठक की कार्यशैली को लेकर रही। क्षेत्र के एक भाजपा कार्यकर्ता ने कुछ दिन पूर्व व्हाट्सएप संदेश भेजकर जगत से अलीनगर मार्ग के निर्माण की मांग की थी। बताया जाता है कि एमएलसी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और मात्र तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण की स्वीकृति दिला दी। क्षेत्र में इस त्वरित कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है और लोग इसे जनप्रतिनिधि की संवेदनशील एवं सक्रिय कार्यशैली का उदाहरण बता रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आमजन की समस्याओं पर इस प्रकार त्वरित कार्रवाई होने से जनता का विश्वास और मजबूत होता है। यही कारण है कि इन दिनों क्षेत्र में वागीश पाठक की कार्यशैली चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, मंडल अध्यक्ष अवनीश शाक्य, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारती, अनुपम यादव, खंड विकास अधिकारी लटूर सिंह, एडीओ पंचायत, मुजाहिद, गिरीश, सुषमा, अकरम, पवन पाल, सचिव रीना पाठक, विशाल पटेल, दीपांकर सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी लटूर सिंह ने किया।


























