

बिल्सी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुद्धवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिल्सी क्षेत्र में विशाल प्रगति विकास यात्रा निकाली गई। भाजपा विधायक हरीश शाक्य के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।
प्रगति विकास यात्रा का शुभारंभ अंबियापुर स्थित सम्राट अशोक चौक से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए खेरी मार्ग स्थित रोडवेज बस स्टेशन पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत, दूरदर्शी और जनहितैषी नेतृत्व में देश को नई दिशा और नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान को मजबूत करने के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्रियों में शामिल होकर एक नया इतिहास रच रहे हैं। उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह प्रगति विकास यात्रा भी उसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
यात्रा से पूर्व विधायक हरीश शाक्य ने कार्यकर्ताओं के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और स्वच्छ भारत अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।


























