
बदायूं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जनपद बदायूं द्वारा सोमवार को दानवीर शिरोमणि भामाशाह जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश मंत्री विनोद गुप्ता के प्रतिष्ठान पर किया गया, जहां भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश मंत्री विनोद गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष के.बी. गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल तथा उत्तर प्रदेश माहौर वैश्य सभा के पदाधिकारियों ने भामाशाह के त्याग, दानवीरता और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रदेश मंत्री विनोद गुप्ता ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, दान और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज और व्यापारिक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिला अध्यक्ष के.बी. गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक व्यापारी किसी न किसी रूप में देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। व्यापारी वर्ग कर (टैक्स) के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भामाशाह के जीवन, त्याग और देशप्रेम से अवश्य परिचित कराया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में संजीव कुमार गुप्ता एडवोकेट, नगर अध्यक्ष जितेंद्र साहू तथा नामित सभासद कन्हैयालाल गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्वाला प्रसाद गुप्ता ने तथा संचालन कन्हैयालाल गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद गुप्ता, जिला महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता, मयूर गुप्ता, सौरभ गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, राहुल रावत, अशोक प्रधान, रवेंद्र शर्मा, ऋतिक गुप्ता, अक्षय गुप्ता, मोनू गुप्ता, सोनू गुप्ता, अनिल यादव, सचिन गुप्ता, रोहित सक्सेना, प्रदीप गुप्ता, साकेत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


























